मुख्य समाचार

युवा कृषि उत्पादन में कमी व जलसंकट का समाधान खोजें  

पटना/21.01.19 । डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा कि युवा अपनी प्रतिभा और इनोवेशन से राज्य का कृषि उत्पादन बढ़ाएं । साथ ही जलवायु परिवर्तन और जल संकट जैसी समस्याओं का समाधान भी खोजें । वे  एल. एन. मिश्रा न्यू इंडिया चेंज मेकर अवार्ड 2018  को संबोधित कर रहे थे। 

चेन्नई की संस्था भूमि के संस्थापक डाॅ प्रहलाथन के.के. को न्यू इंडिया चेंज मेकर अवार्ड से पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने सम्मानित किया । साथ ही डाॅ जगन्नाथ मिश्र की पुस्तक बिहार बढ़कर रहेगा का भी विमोचन किया गया ।

डिप्टी सीएम ने कहा विश्व चौथी औद्योगिक क्रांति के दौर से गुजर रहा है । यह जमाना रोबोटिक, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, नेनो टेक्नोलाॅजी और 3 डी प्रिंटिंग का है । भारत तीनों औद्योगिक क्रांति के लाभ से वंचित रहा । अब हम चौथी औद्योगिक क्रांति का लाभ उठाने में सक्षम हैं। पिछले 12 वर्षों में विश्व में जितने इनोवेशन हुए उतने पिछले हजार वर्षों में भी नहीं हुए । ओला कैब, फ्लिपकार्ट, पेटीएम, मेक माई ट्रिप व जोमैटो जैसे भारतीय युवाओं के इनोवेशन ने अपनी महती भूमिका निभाई हैं। 

इस मौके पर मंत्री विनोद नारायण झा, पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र व नीतीश मिश्रा समेत संस्थान के अध्यापक एवं छात्र मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें