पटना/31.01.19 । उद्योग मंत्री जय कुमार सिंह ने कहा कि बिहार की खादी संस्थाओं के विकास के लिए राज्य सरकार ने योजना बनायी है। बिहार खादी ग्रामोद्योग बोर्ड इस पर कार्य कर रहा है। खादी के विकास से रोजगार का भी सृजन होगा। उद्योग मंत्री ज्ञान भवन में चल रहे खादी महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। महोत्सव में बिहार समेत कई राज्यों के स्टाॅल हैं।
उन्होंने कहा खादी आर्थिक समस्या दूर करने में भी सहायक है। बिहार में पहले सूती एवं रेशमी वस्त्रों का अच्छा उत्पादन होता था। फिलहाल बिहार में खादी की मात्र 58 संस्थाएं कार्यरत हैं। जमीन एवं भवन रहने के बावजूद उत्पादन काफी कम है। इसकी वजह खादी कार्यकर्ता, बाजार एवं नये डिजायन की कमी है।
मार्केटिंग एक्सपर्ट अनुराग प्रतीक ने कहा खादी बोर्ड के साथ ग्रांट थॉर्टन इंडिया को पीएमए के रूप में नियुक्त किया गया है। खादी संस्थाओं को मार्केटिंग की सुविधा राज्य सरकार उपलब्ध कराती है। चंपारण शताब्दी वर्ष पर आरा, राजगीर, मुजफ्फरपुर एवं भागलपुर में लगी प्रदर्शनी में खादी वस्त्रों की अच्छी बिक्री हुई।
इस मौके पर निदेशक रविंद्र प्रसाद, बिहार खादी बोर्ड के सीईओ बीएन प्रसाद, उप निदेशक आर के ठाकुर ,एसके मिश्रा, मुश्ताक अंसारी व अलीम अंसारी मौजूद थे।