हाजीपुर/04.02.19। बिहार में उपजने वाली सब्जियों को खाड़ी व दूसरे देशों में भेजा जायेगा। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी। कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने कहा कि राज्य सरकार कम लागत पर अधिक उत्पादन और जैविक खेती को बढ़ावा दे रही है। वे हाजीपुर में बिहार राज्य सब्जी-बीज उत्पादक विक्रेता संघ के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा हाजीपुर समेत दस शहरों में सब्जियों की कीमत को डिस्प्ले करने की योजना पर काम हो रहा है। इससे किसान यह जान सकेंगे कि किस जगह सब्जी की कितनी कीमत है। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष का मनोनयन शीघ्र होगा।
केला के साथ हाजीपुर के किसान फुलगोभी बीज उत्पादन में भी आगे हैं। कई राज्यों में हाजीपुर के गोभी के बीज की काफी मांग है। शीघ्र फुलगोभी बीज की ब्रांडिंग एवं लाईसेंस की व्यवस्था की जायेगी।
इस मौके पर राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किसान संजीव, मशरूम उत्पादन से जुड़ीं मीना कुशवाहा, विधायक अवधेश सिंह, सहायक निदेशक विपिन कुमार पोद्दार व एसएन मल्लिक समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।