पटना/ 16.02.19। आतंकी हमले में शहीद बिहार के सीआरपीएफ हवलदार संजय सिन्हा एवं आरक्षी रतन ठाकुर के परिजनों को राज्य सरकार 36-36 लाख की सहायता राशि देगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा परिजनों को राज्य सरकार से मिलने वाली 11 लाख की राशि के अलावा मुख्यमंत्री राहत कोष से 25 लाख की सहायता दी जाएगी। पटना एवं भागलपुर के डीएम को निर्देश दिया गया है कि वे परिजनों की जरूरत जैसे बच्चों की पढ़ाई, बच्ची की शादी व अन्य आवश्यक जानकारी लें। इसमें हम सभी सहयोग करेंगे।

इससे पहले पटना एयरपोर्ट पर शहीदों को सीएम ने श्रद्धांजलि दी । उन्होंने कहा मुझे पूरा विश्वास है कि आतंकी घटना का जवाब जरूर मिलेगा। पूरा देश एकजुट है। इसके लिए केंद्र को कड़े निर्णय लेने होंगे।
एयरपोर्ट पर श्रद्धांजलि देने वालों में डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद व राम कृपाल यादव, मंत्री नंद किशोर यादव, प्रेम कुमार, मंगल पांडे, कृष्ण नंदन वर्मा व राणा रणधीर सिंह, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत कई गण्यमान्य मौजूद थे।

इन्होंने भी दी श्रद्धांजलि : डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे, अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, एडीजी जेएस गंगवार, पटना आईजी सुनील कुमार, डीआईजी राजेश कुमार, डीएम कुमार रवि, एसएसपी गरिमा मलिक, वायुसेना, एसएसबी एवं सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।