नई दिल्ली/पटना/18.02.19 । क्रेडाई पुलवामा आतंकी हमले में शहीद सीआरपीएफ जवानों के परिजनों को जहां दो कमरे का घर देगा, वहीं एसबीआई ने लोन माफ करने का निर्णय लिया है।
कॉन्फ़ेडरेशन ऑफ रियल एस्टेट डेवलपर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (क्रेडाई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जक्षय शाह ने कहा कि परिजनों को अपने राज्य या शहर में दो कमरे का एक घर देने का प्रस्ताव दिया गया है। बिहार चैप्टर के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार ने कहा इस समय हम शहीद के परिजन एवं देश के बहादुर जवानों के साथ हैं। निर्णय शहीदों के प्रति सम्मान है।
शहीद जवानों में 23 ने एसबीआई से लोन लिया था। बैंक ने सभी का लोन माफ कर दिया है। सभी जवान डिफेंस सैलेरी पैकेज के तहत बैंक के ग्राहक थे। उन्हें 30 लाख रुपये बीमा की सुविधा भी दी गई थी। बैंक बीमा की रकम को शीघ्र जारी करने लिए कदम उठा रहा है। एसबीआई ने अपने कर्मियों से भारत के वीर पोर्टल पर सहयोग की अपील की है।