मुख्य समाचार

अभिनव पुरस्कार से 22 किसान सम्मानित

सबौर/23.02.19 । बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर (भागलपुर) परिसर में तीन दिवसीय किसान मेला (23-25 फरवरी) का उद्घाटन कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने किया। इस अवसर पर प्रदेश के 22 किसानों को किसान अभिनव पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उत्कृष्ठ प्रसार वैज्ञानिक का पुरस्कार कृषि विज्ञान केंद्र, किशनगंज के डाॅ हेमंत कुमार सिंह को मिला। पहले दिन करीब 15000 किसानों ने मेले का भ्रमण किया। 

मेले में 150 से अधिक सरकारी, गैर सरकारी संस्थान एवं कृषि विश्वविद्यालय के स्टाॅल हैं। मेला का मुख्य विषय जैविक खेती एवं पोषक अनाज के माध्यम से किसान में समृद्धि है। प्रदर्शनी में जैविक खेती, न्यूट्री सिरियल, जलवायु परिवर्तन, फसल अवशेष प्रबंधन, मखाना, फसल, फल एवं सब्जी के प्रभेदों को प्रमुख रूप से दर्शाया गया है। उद्यान प्रदर्शनी में रंग-बिरंगे फल व सब्जी किसान व दर्शकों को लुभा रहे हैं। 

कृषि मंत्री : डाॅ प्रेम कुमार ने कहा बीएयू के अंतर्गत पांच काॅलेज शीघ्र शुरू होंगे। ये कृषि व्यावसायिक प्रबंधन काॅलेज, खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी काॅलेज, कृषि अभियांत्रिकी काॅलेज, जैव प्रौद्योगिकी काॅलेज एवं वानिकी काॅलेज हैं। उन्होंने बीएयू के कार्यों की सराहना की। खासकर सूचना एवं संचार तकनीक से सुसज्जित मीडिया सेंटर की प्रशंसा की। विश्वविद्यालय के यू ट्यूब चैनल सेे 1.35 लाख किसानों ने लाभ उठाया है। बिहार में स्ट्राॅबेरी एवं ड्रैगन फ्रुट की खेती की तरफ किसानों का रूझान करने में कृषि विज्ञान केंद्र का महत्वपूर्ण योगदान है। कृषि क्षेत्र में उत्पादन बढ़ाने के साथ कुपोषण को दूर करना भी सरकार भी प्राथमिकता है।  

कुलपति डाॅ अजय कुमार सिंह ने सबौर एग्री इन्क्यूवेटरर्स केंद्र की जानकारी दी। हाल में प्लेसमेंट से चयनित 31 छात्रों को शुभकामनाएं एवं मीडिया सेंटर की टीम को बधाई दी। 

इनोवेशन स्टाॅल में ड्राइ केमिस्ट्री लैब से मिट्टी जांच, नैनो टेक्नोलाॅजी से तैयार हाइड्रो जल, जैविक तरीके से आर्सेनिक का प्रबंधन, शुष्क फूलों से तैयार मूल्यवर्द्धित उत्पाद, हाइड्रोपोनिक्स से तैयार चारा, ट्राइकोडर्मा, टिशु कल्चर तकनीक से तैयार अनानास एवं बांस के पौधे, विश्वविद्यालय के मोबाइल एप्प व जलवायु परिवर्तन के लिए उत्तरदायी गैसों के आकलन को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। 

इस मौके पर निदेशक प्रसार शिक्षा डाॅ. आर.के. सोहाने, पदमश्री राजकुमारी देवी, संयुक्त निदेशक एस.के.चौधरी एवं विश्वविद्यालय के पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे। 
 


संबंधित खबरें