सबौर/25.02.19 । बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) में आयोजित तीन दिवसीय किसान मेला के अंतिम दिन पोषक अनाज और क्लाईमेट स्मार्ट एग्रीकल्चर पर कार्यशाला हुई। इसमें बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय पटना के वीसी डाॅ रामेश्वर सिंह भी शामिल हुए। मेला में लगे कई स्टाॅल को पुरस्कृत भी किया गया।
विश्वविद्यालय के विभागों की श्रेणी में मृदा विज्ञान को प्रथम, शस्य विज्ञान व उद्यान (फल) को दूसरा एवं प्रसार शिक्षा विभाग को तीसरा पुरस्कार मिला। समापन समारोह बीएयू के वीसी डाॅ अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
काॅलेज एवं अनुसंधान केंद्रों की श्रेणी में भोला पासवान शास्त्री कृषि महाविद्यालय, पूर्णिया को प्रथम, बीटेलवाईन अनुसंधान केंद्र, इस्लामपुर को दूसरा एवं मंडन भारती कृषि महाविद्यालय,सहरसा को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।
कृषि विज्ञान केंद्रों की श्रेणी में पहला पुरस्कार कृषि विज्ञान केंद्र खगड़िया, दूसरा पुरस्कार कृषि विज्ञान केंद्र मुंगेर एवं कृषि विज्ञान केंद्र रोहतास को तीसरा पुरस्कार मिला।
किसान ज्ञान प्रतियोगिता में भानु प्रताप सिंह, बक्सर को प्रथम पुरस्कार, रवि कुमार साह, बांका को दूसरा पुरस्कार व संजीव कुमार सिंह, खगड़िया को तीसरा पुरस्कार दिया गया। सफल प्रतिभागी किसानों में शिव कुमार मिश्र, मुंगेर को पहला पुरस्कार, राकेश कुमार, रोहतास को दूसरा पुरस्कार व नरोत्तम मिश्रा, बांका को तीसरा पुरस्कार मिला।