सबौर/02.03.19 । यूट्यूब ने बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) सबौर को क्रिएटर अवार्ड दिया है। क्रिएटर अवार्ड पाना विश्व में वीडियो बनाने वाली संस्था और प्रोफेशनल्स के लिए प्रतिष्ठा का विषय माना जाता है। बिहार कृषि विश्वविद्यालय का youtube.com/bausabour के नाम से अपना ऑफिसियल चैनल है। इसके जरिये किसानों में वीडियो के माध्यम से वैज्ञानिक खेती का प्रसार किया जाता है।
क्रिएटर अवार्ड के लिए चैनल की न्यूनतम सदस्यता एक लाख होनी चाहिए। बिहार कृषि विश्वविद्यालय के चैनल की सदस्यता एक लाख पैंतीस हजार से अधिक है। अभी तक इस चैनल के माध्यम से करीब सवा करोड़ लोग यहां की बनी फिल्मों को देख चुके हैं।
विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में यूट्यूब के सिल्वर बटन अवार्ड को प्रदर्शित किया गया। कुलपति डाॅ अजय कुमार सिंह ने मीडिया सेंटर के कार्यों की सराहना करते हुए पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा विश्वविद्यालय कृषि की जानकारी देने के लिए अत्याधुनिक संचार तंत्र का प्रयोग कर रहा है। इन्हीं तंत्रों में कृषि आधारित वीडियो फिल्मों का निर्माण भी है। सभी वीडियो विश्वविद्यालय के मीडिया सेंटर में बनायी जाती हैं।
डाॅ. गोपालजी त्रिवेदी बेस्ट एक्सटेंशन प्रोफेशनल अवार्ड : प्रसार शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य करने के लिए बीएयू सबौर के वैज्ञानिक डाॅ श्रीधर पाटिल को यह सम्मान मिला। अवार्ड में गोल्ड मेडल व प्रशस्ति पत्र दिया गया।