पटना/06.03.19 । संजय गांधी जैविक उद्यान में थ्री डी थियेटर के पहले शो का शुभारंभ डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने किया। उन्होंने दर्शकों के साथ फिल्म देखी। थियेटर में पहली फिल्म डेविड एटनबरो निर्मित ‘कन्क्वेस्ट ऑफ द स्काइज’ दिखाई गई। जिसमें कीड़े की पहली उड़ान से आसमान पर विजय पाने वाले जीवों के विकास की कहानी है। फिल्म 40 मिनट की है।
11 करोड़ की लागत से बने एसी थियेटर की क्षमता 150 लोगों की है। प्रतिदिन सुबह 10 से संध्या 4 बजे तक 5 शो दिखाये जायेंगे। एंट्री टिकट के अलावा वन्य जीवन पर आधारित फिल्म देखने के लिए बड़ों को 50 और बच्चों को 25 रुपये का भुगतान करना होगा।
डिप्टी सीएम ने बताया पटना जू में दो-तीन दिन में 40 सीट की दो कोच वाली ट्रैकलेस ट्रेन भी शुरू हो जायेगी। 153 एकड़ में फैले पटना जू में करीब 22 लाख दर्शक प्रतिवर्ष आते हैं। यहां अमेरिका के सेंटयागो के बाद सर्वाधिक 12 गैंडे हैं। राजगीर में 200 करोड़ की लागत से 400 एकड़ में जंगल सफारी तैयार हो रहा है।
8 मार्च को कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री सभी मंत्रियों के साथ थियेटर में वन्य जीवन पर आधारित फिल्म देखेंगे।