मुख्य समाचार

चार जिलों में खुलेंगे अतिरिक्त कृषि विज्ञान केंद्र 

पटना/07.03.19 । बिहार में चार नवसृजित कृषि विज्ञान केंद्रों का शिलान्यास केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने किया। नये केंद्र पश्चिम चंपारण, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर एवं मधुबनी जिलों के लिए हैं। हालांकि इन जिलों में पहले से केंद्र काम कर रहे हैं। ये केंद्र डाॅ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के अंतर्गत हैं। बामेती परिसर में आयोजित शिलान्यास समारोह में बिहार के कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार भी मौजूद थे। 

केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा देश के 109 जिलों में नये कृषि विज्ञान केंद्र स्थापित किये जा रहे हैं। इन 55 बड़े जिलों में पहले से एक कृषि विज्ञान केंद्र कार्यरत हैं। 25 जिलों को 11वीं पंचवर्षीय योजना में ही कृषि विज्ञान केंद्रों की स्थापना की सहमति मिली थी। अब इनकी स्थापना वर्तमान सरकार कर रही है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् अपने 642 कृषि विज्ञान केंद्रों से किसानों को नई तकनीक, ग्रामीण युवा व कृषक प्रशिक्षण एवं कृषि संबधी सलाह दे रहा है। 

कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने कहा राज्य के बड़े जिलों के लिए एक अतिरिक्त कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना की जा रही है। राज्य में पहले से 38 कृषि विज्ञान केंद्र हैं। छह बड़े जिलों गया, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर एवं मधुबनी में एक-एक अतिरिक्त कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना की जा रही है। राज्य सरकार ने सभी अतिरिक्त कृषि विज्ञान केंद्र के लिए भूमि उपलब्ध करा दी है। 

इस अवसर पर कृषि विभाग के प्रधान सचिव व निदेशक, डाॅ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के वीसी डाॅ रमेश चंद्र श्रीवास्तव व निदेशक प्रसार शिक्षा डाॅ केएम सिंह, बामेती के निदेशक डाॅ जितेंद्र प्रसाद समेत कृषि वैज्ञानिक मौजूद थे।
 


संबंधित खबरें