पटना/बक्सर/ 28.03.19। कृषि विभाग ने किसानों को कृषि अनुदान देने के नाम पर ठगी करने वालों से सचेत रहने की सलाह दी है। किसानों को सरकारी योजनाओं के अंतर्गत अनुदान राशि एक प्रक्रिया के तहत उनके बैंक खाते में ट्रांसफर की जा रही है। इसके लिए ऑन लाइन आवेदन लिया जा रहा है।
कुछ शातिर किसानों को फोन कर अनुदान राशि देने के नाम पर एक निर्धारित राशि बताये गये खाते मे जमा करवा रहे हैं। निर्धारित समय में अनुदान राशि किसान के खाते में नहीं जमा होने पर उन्हें ठगी का अहसास होता है। ऐसा ही ठगी का एक मामला बक्सर जिले में हुआ है।
प्रधान सचिव सुधीर कुमार ने किसानों से अपील की है कि वे इस मानसिकता के किसी व्यक्ति के झांसे में न आएं। अगर कोई फोन किसानों को आये, तो इसकी शिकायत नजदीक के थाने में दर्ज कराएं। किसान को किसी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त करनी हो, तो वे नजदीक के कृषि पदाधिकारी अथवा किसान काॅल सेंटर के टाॅल फ्री नंबर 18001801551 पर संपर्क कर सकते हैं।
क्या है मामला : बक्सर जिला के ब्रह्मपुर थाना के योगियां ग्रामवासी किसान कृष्ण बिहारी मिश्र ने बताया कि उनके मोबाइल नंबर 95079 97023 पर दूसरे मोबाइल नंबर 97717 82244 से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि कृषि विभाग, पटना से बड़ा बाबू राजीव रंजन मिश्र बोल रहा हूं। आपने बोरिंग लोन के लिए आवेदन दिया था। वह पटना से पास हो गया है।
60,000 रूपये का चेक बन गया है। इसकी सिक्यूरिटी मनी 6,000 रुपये आपको इलाहाबाद बैंक, सत्संग चौक, पटना शाखा में शैलेश कुमार सिंह के एकाउंट नंबर 50447530051 में जमा कराना होगा। इसके बाद आपको 60,000 रूपये का चेक मिलेगा।
किसान कृष्ण बिहारी मिश्र ने इलाहाबाद बैंक, पुराना भोजपुर शाखा में बताये गये एकाउंट नंबर में 6,000 रूपये जमा करा दिया। 60,000 रूपये का चेक रजिस्ट्री के माध्यम से 2 दिनों में भेजने की बात कही गई। जब 3-4 दिनों तक रजिस्ट्री नहीं मिला, तो मामला को प्रकाश में लाने एवं ठगी गई राशि को वापस दिलाने के लिए प्रधान सचिव से गुहार लगाई ।