नई दिल्ली/15.04.19। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार इस साल मॉनसून सामान्य रहने की संभावना है। इस दौरान देश में लंबी अवधि के औसत (एलपीए) की 96 फीसदी बारिश हो सकती है। बारिश खरीफ फसल केे साथ देश की अर्थव्यवस्था के लिए लाभदायक होगी।
मौसम विभाग अगला अपडेट मई के अंत या जून के पहले हफ्ते में जारी करेगा। इससे पहले अलनीनो की वजह से माॅनसून के कमजोर होने की आशंका थी। निजी संस्था स्काईमेट ने भी माॅनसून के सामान्य से कम रहने की आशंका जताई थी।
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव माधवन राजीवन व भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. केजे रमेश ने बताया कि इस साल जून से सितंबर तक बारिश लगभग सामान्य रहने का अनुमान है। माॅनसून के जून में केरल में प्रवेश करने व जुलाई-अगस्त में तेज रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 50 साल की अवधि के औसत की 96 से 104 फीसदी तक की बारिश सामान्य जबकि 90 फीसदी से कम बारिश होने पर सूखे की स्थिति रहती है। 1951 से 2000 तक यानी 50 वर्षों में देश में औसत बारिश 890 मिलीमीटर रही है। पिछले साल देश में लंबी अवधि औसत की 91 प्रतिशत बारिश हुई थी।