सबौर (भागलपुर)/15.05.19। कृषि के क्षेत्र में युवाओं की प्रतिभा को निखारने एवं उन्हें सफल उद्यमी बनाने के लिए बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) Massive Open Online Course 11 जून से शुरू कर रहा है। कोर्स निःशुल्क और अवधि 6 सप्ताह है। ऑनलाइन कोर्स में काॅमनवेल्थ ऑफ लर्निंग कनाडा एवं आईआईटी कानपुर सहयोग कर रहा है।
कुलपति डाॅ अजय कुमार सिंह ने कहा कि यह कोर्स बेरोजगार युवाओं को प्रशिक्षित करके सफल उद्यमी बनाने में मददगार होगा। कोर्स कृषि शिक्षा को एक नया आयाम देगा। युवाओं को वीडियो कंटेंट के साथ रीडिंग मेटेरियल भी ऑनलाइन उपलब्ध होगा। अंत में प्रतिभागियों का मूल्यांकन होगा। कोर्स के समन्यवक बीएयू के डाॅ राम दत्त एवं नोडल पदाधिकारी डाॅ. आर.एन.सिंह हैं।
इस कोर्स से विश्व के किसी भी कोने से युवाओं को कृषि के क्षेत्र में प्रशिक्षित किया जायेगा। इसमें मुख्यतः उद्यमिता पर चर्चा की जायेगी। इसे माॅड्यूल के रूप में कराया जायेगा।
पहले माॅड्यूल में कृषि उद्यमिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं जैसे उद्यमिता के मूलभूत सिद्धांत, उद्यमशीलता के अवसरों का आकलन एवं एक सफल उद्यम खड़ा करना, स्वयं को पहचानना एवं प्रबंधन करना है।
दूसरे एवं तीसरे माॅड्यूल में मुख्य रूप से कृृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उद्यमिता के अवसर जैसे मछली एवं मधुमक्खी पालन, डेयरी, दूध के मूल्यवर्धित उत्पाद, फल एवं सब्जियों का प्रसंस्करण, मशरूम, स्पाॅन (बीज) उत्पादन एवं व्यावसायिक नर्सरी सहित फूल उत्पादन से जुडे़ उद्यमों सहित सफल उद्यमियों के अनुभव आदि से सीख पायेंगे।
चौथे माॅड्यूल में सफल परियोजना के निर्माण एवं वित्तीय प्रबंधन पर चर्चा होगी। पांचवे माॅड्यूल में विशेषकर एक उद्यम को कैसे स्थापित करें, सरकार की योजना एवं संबंधित कानून की चर्चा होगीे। साथ ही मानव संसाधन प्रबंधन, पूर्ण गुणवत्ता प्रबंधन एवं जोखिम प्रबंधन जैसे विषयों पर भी परिचर्चा होगीे।
छठे एवं अंतिम माॅड्यूल में उपभोक्ता व्यवहार विश्लेषण, मार्केट सेगमेन्टेशन, मार्केट मिक्स, प्रतिस्पर्धा प्रबंधन, ब्रांडिग एवं एडवर्टाइजिंग एवं ई-मार्केटिंग विषयों पर बात होगीे।