मुख्य समाचार

श्याम रजक को उद्योग, कृष्ण ऋषि को पर्यटन की जिम्मेवारी

पटना/02.06.19 । श्याम रजक उद्योग विभाग के मंत्री बनाये गये हैं। जय कुमार सिंह अब विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग देखेंगे। पर्यटन मंत्री प्रमोद कुमार को कला,संस्कृति व युवा विभाग जबकि कला, संस्कृति व युवा मंत्री कृष्ण कुमार ऋषि को पर्यटन विभाग की जिम्मेवारी दी गई है। कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार को पशु व मत्स्य संसाधन विभाग का अतिरिक्त प्रभार मिला है।

राजभवन में आठ नये मंत्रियों की शपथ के साथ मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया । सभी मंत्री जदयू कोटे से हैं। बाद में नये मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा भी कर दिया गया। छह पुराने मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल किया गया है। 

नये मंत्रियों के विभाग : नरेंद्र नारायण यादव ( विधि व लघु जल संसाधन ), अशोक चौधरी (भवन निर्माण), श्याम रजक (उद्योग), संजय झा (जल संसाधन), बीमा भारती (गन्ना उद्योग), नीरज कुमार (सूचना व जनसंपर्क), राम सेवक सिंह (समाज कल्याण) एवं लक्ष्मेश्वर राय (आपदा प्रबंधन)।

पुराने मंत्रियों के नये विभाग : महेश्वर हजारी (योजना एवं विकास), ब्रज किशोर बिंद (खान व भूतत्व), जय कुमार सिंह (विज्ञान एवं प्रावैधिकी), विनोद कुमार सिंह (पिछड़ा-अति पिछड़ा वर्ग कल्याण), कृष्ण कुमार ऋषि ( पर्यटन), प्रमोद कुमार (कला,संस्कृति व युवा विभाग)। 

संजय झा, नीरज कुमार, लक्ष्मेश्वर राय और रामसेवक सिंह पहली बार मंत्री बने हैं जबकि अशोक चौधरी, नरेंद्र नारायण यादव, बीमा भारती और श्याम रजक मंत्री रह चुके हैं ।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जब गठबंधन बनता है उसी समय पार्टियों के बीच पद और विभाग तय होते है। हमने अपने सहयोगियों से पूछ लिया था। जदयू कोटा का पहले से ही 5 विभाग खाली था। इसलिए विस्तार किया गया। विधानसभा सत्र शुरू होने वाला है। नये-पुराने सभी लोग अपने-अपने विभाग को संभालेंगे और काम में तेजी आयेगी । मंत्रिमंडल में और वेकेंसी के सवाल पर सीएम ने कहा कि इसकी कभी भी जरूरत हो सकती है।
 


संबंधित खबरें