मुख्य समाचार

15 अगस्त 2020 के पहले हर घर में लगेगा बिजली प्रीपेड मीटर

पटना/04.05.19 । बिहार में 15 अगस्त 2020 के पहले हर घर में बिजली प्रीपेड मीटर लगाने का निर्देश मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया है। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से कहा कि निर्धारित समय पर काम पूरा करें। सबसे अधिक शिकायत बिजली बिल को लेकर आती है। प्रीपेड मीटर लगने से बिजली की फिजूलखर्ची रुकेगी । साथ ही लोगों की शिकायतें भी दूर होंगी।

मुख्यमंत्री ने अधिवेशन भवन में ऊर्जा विभाग की 692.74 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं कार्यारंभ किया । इस दौरान कृषि फीडर के वेबपोर्टल एवं उड़ीसा में आये चक्रवाती तूफान (फेनी) में क्षतिग्रस्त बिजली व्यवस्था के बहाल पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी। सीएम ने उड़ीसा में बिजली कार्य में सहयोग करने वाली बिहार टीम को सम्मानित किया। बिजली उपभोक्ताओं की सहायता के लिए सिंगल विंडो हेल्प डेस्क अंतर्गत सुविधा केंद्र (टोल फ्री 1912) भी शुरू किया गया । 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल के अंत तक हर इच्छुक किसान को कृषि फीडर से बिजली मिलेगी। इससे पटवन पर खर्च में काफी कमी आएगी। अभी डीजल से सिंचाई करने पर जहां 100 रुपये खर्च हो रहा है, वहीं बिजली से पटवन करने पर मात्र 5 रुपये लगेगा । 31 दिसंबर तक बिहार में जर्जर बिजली तारों को भी बदलने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 

कार्यक्रम को डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी एवं ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने भी संबोधित किया। इस मौके  पर विकास आयुक्त सुभाष शर्मा, प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत एवं चंचल कुमार समेत पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों के एमडी एवं इंजीनियर मौजूद थे।  
 


संबंधित खबरें