मुख्य समाचार

निर्माणाधीन प्रोजेक्ट में प्रवासी भारतीयों की बढ़ी रुचि 

नई दिल्ली/एजेंसी/05.06.19। देश में रेरा लागू होने के बाद निर्माणाधीन परिसंपत्तियों में प्रवासी भारतीयों की रुचि फिर से बढ़ने लगी है। अमेरिका, यूएई, ब्रिटेन तथा सिंगापुर के प्रवासी भारतीयों की भारतीय रियल एस्टेट बाजार में रुचि लगातार बढ़ रही है। खरीदारों में इनका हिस्सा करीब 55 प्रतिशत है। रियल्टी पोर्टल हाउसिंग एंड मकान डॉट कॉम के एक अध्ययन में यह निष्कर्ष सामने आया है। 

देश में घर खरीदने वालों को बिल्डरों की चालबाजियों और परेशानियों से बचाने के लिए रियल एस्टेट नियमन प्राधिकरण (रेरा) को लागू किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि परियोजनाओं के पूरा होने में लगातार देरी को देखते हुए निवेशक इनसे लगातार दूर होते चले गये। 

प्रवासी भारतीयों को निर्माणाधीन परियोजनाएं काफी पसंद आती हैं, लेकिन देरी के कारण उनकी इसमें रुचि कम होती चली गई। रेरा के बाद इस रुख में बदलाव आने लगा है। अध्ययन के मुताबिक इससे पहले रेडी-टू-मूव-इन यानी रहने के लिए तैयार और निर्माणाधीन परियोजनाओं के मामले तरजीह देने का अनुपात 67:33 था, जो सुधरकर 56: 44 हो गया है। 

निर्माणाधीन परियोजनाओं के मामले में जीएसटी दर 12 से घटाकर 5 प्रतिशत पर ला दिया गया है जबकि सस्ती परियोजनाओं के मामले में इसे आठ से घटाकर एक प्रतिशत किया गया है। तैयार फ्लैट पर शून्य जीएसटी लागू है। 

रियल्टी पोर्टल हाउसिंग एंड मकान सिंगापुर स्थित एलारा टेक्नोलॉजी का हिस्सा है। इसे न्यूज काॅर्प और साफ्टबैंक का समर्थन प्राप्त है। पोर्टल का कहना है कि उसके हाउसिंग एंड मकान डॉट काम पर जानकारी लेने और देखने वालों की संख्या पिछले साल के मुकाबले 30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ी है। 
 


संबंधित खबरें