पटना/07.06.19। सूबे में 1 से 15 अगस्त तक वन महोत्सव मनाया जायेगा। इस दौरान 1.5 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य है। ग्रामीण विकास विभाग 50 लाख एवं वन विभाग एक करोड़ पौधा लगायेगा । डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद यह जानकारी दी।
महाभियान में स्वयंसेवी संस्था, स्कूल-कॉलेजे के छात्र, बिहार रेजिमेंटल सेंटर दानापुर, सशस्त्र सीमा बल की सभी इकाइयां, एनसीसी कैडेट, जीविका के सदस्य एवं स्वेच्छा से निजी भूमि पर पौधारोपण करने वाले शामिल होंगे। संस्थाओं को मुफ्त में और आम नागरिकों को शुल्क के साथ पौधे उपलब्ध कराये जायेंगे।
डिप्टी सीएम ने वन विभाग को एक साल से अधिक एवं 4 फीट लंबे पौधों को गैबियन के अंदर लगाने का निर्देश दिया। 5 किमी से कम लंबाई की ग्रामीण सड़कों के किनारे मनरेगा के तहत एवं 5 किमी से अधिक लंबाई की सड़कों के किनारे वन विभाग की ओर से पौधारोपण किया जायेगा।
जीविका के स्वयं सहायता समूह एक हजार पंचायतों में 25-25 पौधे लगायेंगे। शहरी क्षेत्रों में भी व्यापक अभियान चला कर पौधारोपण किया जायेगा। डिप्टी सीएम ने आम लोगों से महाभियान से जुड़ने की अपील की। बाद में बेहतर काम करने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जायेगा।