पटना/12.06.19। पशुओं के लिए पेयजल की कमी से निपटने के लिए पशुपालन विभाग पीएचईडी के सहयोग से सोलर पंप युक्त नाद (Cattle trough) का निर्माण करा रहा है। अब तक राज्य के 16 जिलों पटना, नालंदा, भागलपुर, बांका, मुंगेर, वैशाली, नवादा, शेखपुरा, गया, भोजपुर, जमुई, रोहतास, बक्सर, कैमूर, जहानाबाद एवं औरंगाबाद में 197 पशु पेयजल नाद का निर्माण पूरा कर लिया गया है। शेष जिलों में भी निर्माण जारी है।
कृषि, पशु एवं मत्स्य संसाधान मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने बताया कि आपदा की स्थिति में राज्य के पशुपालकों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार सजग है। राज्य की अर्थव्यवस्था में पशुपालन का महत्वपूर्ण योगदान है। प्रत्येक परिस्थिति में पशुओं की रक्षा सरकार की प्राथमिकता में है। पशुपालन विभाग पशुओं के लिए पीने का पानी एवं हरा चारा की समुचित व्यवस्था करा रहा है। संक्रामक रोगों से पशुओं की सुरक्षा के लिए विशेष टीकाकरण अभियान भी चलाया जा रहा है।