मुख्य समाचार

एईएस से बच्चों की मौत पर केंद्रीय मदद की करेंगे मांग 

पटना/17.06.19। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि 21 जून को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्तमंत्री के साथ राज्यों के वित्त मंत्रियों की बजट पूर्व बैठक होगी। इसमें बिहार में एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम से बच्चों की मौत का मुद्दा उठा कर केंद्रीय सहायता की मांग करेंगे। 

21 जून को ही जीएसटी काउंसिल की बैठक भी है। इसमें मुख्य रूप से राजस्व संग्रह, नये रिटर्न के फाॅरमेट और ई-चालान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। केंद्र में नई सरकार के गठन के बाद केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में जीएसटी काउंसिल की पहली बैठक होने जा रही है। 

5 जुलाई को प्रस्तावित केंद्रीय बजट के पहले केंद्रीय वित्त मंत्री की अध्यक्षता में किसान, उद्योग, व्यापार व अन्य क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठक कर सुझाव लिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में राज्यों के वित्त मंत्रियों के साथ बजट पूर्व बैठक है। 

डिप्टी सीएम ने कहा कि बिहार के अन्य मुद्दों के साथ मुजफ्फरपुर और आस-पास के जिलों में फैले एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (एईएस) से बच्चों की मौत का मुद्दे उठाया जायेगा। साथ ही प्रभावित जिलों के प्रखंडों में बच्चों के लिए आईसीयू और वायरल शोध केंद्र स्थापित करने के लिए केंद्रीय मदद की मांग की जायेगी।
 


संबंधित खबरें