मुख्य समाचार

बच्चों का होगा बेहतर इलाज, सीएम ने दिये कई निर्देश  

मुजफ्फरपुर/18.06.19। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एईएस पीड़ित बच्चों के परिजनों से कहा कि इलाज में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जायेगी। स्वास्थ्य विभाग को एसकेएमसीएच की क्षमता 2500 बेड, 100 बेड की शिशु गहन देखरेख इकाई (पीआईसीयू)  एवं एक धर्मशाला निर्माण कराने का निर्देश मिला। इससे मरीजों के साथ उनके परिजनों को भी सहूलियत होगी। सीएम ने 50 वर्ष पुराने एसकेएमसीएच के रिनोवेशन कार्य को दो साल के अंदर पूरा करने पर जोर दिया। 

एसकेएमसीएच का दौरा करने के बाद मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, अस्पताल के अधीक्षक, प्राचार्य एवं शिशु रोग विशेषज्ञों से हर पहलू पर चर्चा की। बच्चों के बेहतर चिकित्सा के संबंध में कई दिशा-निर्देश दिये। 24 घंटे चिकित्सकों की उपलब्धता के लिए अतिरिक्त चिकित्सकों की तैनाती एवं वर्तमान स्थिति को देखते हुए अस्पताल में प्रतिदिन मीडिया ब्रीफिंग होनी चाहिए।  एईएस से अब तक 106 बच्चों की मौत से सरकार चिंतित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा क्षेत्र जो चमकी बुखार (एईएस) से प्रभावित है। उसका एनवायरमेंटल स्टडी कराकर यह देखना होगा कि इससे बचाव के लिए प्राकृतिक एवं तकनीकी तौर पर क्या किया जा सकता है। प्रभावित परिवारों के सामाजिक-आर्थिक अध्ययन के साथ सफाई के लिहाज से घरों का भी आंकलन करना होगा। नियमित जागरूकता अभियान चलाने, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता एवं पक्का मकान बनाने का भी निर्देश उन्होंने दिया । 

सीएम के साथ डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, मंत्री सुरेश शर्मा, एमएलसी देवेश चंद्र ठाकुर, मुख्य सचिव, प्रधान सचिव संजय कुमार एवं चंचल कुमार, प्रमंडलीय आयुक्त एवं डीएम समेत सभी चिकित्सक मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें