मुख्य समाचार

आम्रोत्सव में आम की वैरायटी के साथ शामिल हुए किसान  

पटना/22.06.19। दो दिवसीय (22-23जून) राज्यस्तरीय आम प्रदर्शनी आम्रोत्सव बिहार 2019 का आयोजन देशरत्न मार्ग स्थित देशरत्न उद्यान में हो रहा है। उद्घाटन कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने किया। बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर आम की प्रजातियों इरवीन, वनराज, पोखराज, हुस्न ए आरा, रानीपसंद एवं हाथीझूला समेत 140 आमों का प्रदर्शन कर रहा है। प्रदर्शनी सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक आम लोगों के लिए भी है। 

कृषि मंत्री ने बताया कि आम प्रदर्शनी में आम से निर्मित कई भोज्य पदार्थ का आनंद ले सकते हैं। बच्चों के लिए आम खाइये, इनाम पाईये और आम नक्कासी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई है। 

इस अवसर पर निर्यातकों को भी बुलाया गया है। सभी श्रेणियों में उत्कृष्ट करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। प्रधान सचिव सुधीर कुमार ने कहा कि आम्रोत्सव 2019 के अवसर पर अच्छी बारिश हुई है। यह किसानों के लिए शुभ संदेश है। इस अवसर पर कृषि निदेशक आदेश तितरमारे, उद्यान निदेशक नंद किशोर, आम उत्पादक एवं बड़ी संख्या में दर्शक भी मौजूद थे।

प्रदर्शनी का आयोजन उद्यान निदेशालय कर रहा है। राज्य के सभी जिलों से करीब 500 किसान अपने आम के साथ इसमें भाग ले रहे हैं। पटना, वैशाली, भागलपुर, दरभंगा, सारण, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सहरसा, समस्तीपुर, सुपौल, रोहतास, मुजफ्फरपुर, नालंदा, सीतामढ़ी एवं सीवान जिलों से अधिक निबंधन हुआ है। 
 


संबंधित खबरें