पटना/22.06.19। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए हर घर नल का जल योजना चलायी जा रही है। सिंचाई के लिए कृषि फीडर का कनेक्शन दिया जा रहा है। लोगों को इस बात के लिए प्रेरित करना होगा कि वे नल के जल एवं बिजली का दुरुपयोग न करें। लघु जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक में सीएम ने कई निर्देश दिये।
उन्होंने कहा राज्य सरकार सभी सरकारी भवन, उच्च स्थल, स्कूल एवं सार्वजनिक संस्थानों की छतों पर वाटर हार्वेस्टिंग शुरू करेगी। तालाब के ऊपर सौर प्लेट लगाने के लिए लोगों को प्रेरित करना होगा। तालाब के जीर्णोद्धार एवं हैंडपंप को ठीक कराने का भी निर्देश दिया गया।
प्रधान सचिव केके पाठक ने द बिहार ग्राउंड वाटर कंजर्वेशन बिल 2019 की विस्तार से जानकारी दी। इस बिल के माध्यम से लोगों को पानी के महत्व को बताना, ग्राउंड वाटर की क्षति को रोकना, विभिन्न विभागों का आपस में सामंजस्य एवं अथाॅरिटी के पावर और फंक्शन पर चर्चा हुई।
बैठक में मंत्री नरेंद्र नारायण यादव, सीएम के परामर्शी, मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, महाधिवक्ता, सीएम सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के सचिव मौजूद थे।