पटना/24.06.19। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में वाहनों की संख्या बढ़ रही है। इनका निबंधन और तीव्र गति से होना चाहिए। ई-रिक्शा को प्रमोट करने की जरूरत है। अत्यधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर कार्रवाई करें। सीएम एक अणे मार्ग में राजस्व संग्रह में योगदान देने वाले महत्वपूर्ण विभागों की समीक्षा बैठक कर रहे थे।
सीएम ने कहा कि बिहार में कारोबार बढ़ने से कर संग्रह बढ़ रहा है। नई दुकान एवं मॉल खुल रहे हैं। लोगों की आय भी बढ़ रही है। यह अच्छी बात है। खनन एवं भूतत्व विभाग को ऐतिहासिक एवं पर्यावरण महत्व वाले पहाड़ों की पहचान कर उन्हें संरक्षित करने का निर्देश दिया। संपत्ति के पारिवारिक बंटवारे के आधार पर होने वाले निबंधन को और प्रोत्साहित करने पर सीएम ने जोर दिया।
वाणिज्य कर विभाग की सचिव प्रतिमा एस वर्मा ने टैक्स पेयर, एसजीएसटी, आईजीएसटी एवं पिछले छह वर्षों के तुलनात्मक कर संग्रह की जानकारी दी। साथ ही चालू वर्ष के लिए राजस्व लक्ष्य की जानकारी दी। परिवहन विभाग के सचिव संजय अग्रवाल ने राजस्व श्रोत, टैक्स कलेक्शन एवं वाहनों की संख्या में वृद्धि की जानकारी दी।
निबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने राजस्व की स्थिति, विभाग के प्रयास, निबंधित दस्तावेज का डिजिटाइजेशन एवं ई-चालान की जानकारी दी। खनन एवं भूतत्व विभाग की प्रधान सचिव हरजोत कौर ने राजस्व वृद्धि के लिए कार्य योजना, नई बालू नीति व खनिज नियमावली एवं अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई की जानकारी दी। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने भी अपने विभाग से संबंधित जानकारी दी।
बैठक में डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, राम नारायण मंडल, ब्रज किशोर बिंद एवं संतोष कुमार निराला, मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, वित्त (व्यय) विभाग के सचिव राहुल सिंह, राज्य परिवहन आयुक्त सीमा त्रिपाठी एवं सीएम सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।