मुख्य समाचार

जनप्रतिनिधि भी पर्यावरण के प्रति होंगे सजग

पटना/28.06.19। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि विधान मंडल के सदस्यों को पर्यावरण के प्रति जागरूक होना पड़ेगा। इसके लिए उन्हें पुस्तकालय में अध्ययन के अलावा एक्सपर्ट के जरिये जानकारी दी जायेगी। इससे उन्हें अपने क्षेत्र की विकास योजना बनाने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री विधानसभा सचिवालय के नवनियुक्त कर्मियों केे नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन बिहार विधानमंडल के सेंट्रल हॉल में किया गया।

सीएम ने विधानसभा अध्यक्ष और विधान परिषद सभापति से आग्रह किया कि विधानमंडल सत्र से अलग सूखे एवं बाढ़ की आशंका, पर्यावरण के प्रति जागरूकता एवं स्वच्छता जैसे विषयों पर शीघ्र इंटरैक्शन कार्यक्रम निर्धारित करें। जो भी समस्याएं सामने आएंगी, उनके निराकरण के लिए पूरी गंभीरता के साथ अविलंब कार्रवाई होगी। 

नवनियुक्त कर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सीएम ने कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई है। विधान परिषद के रिक्त पदों पर भी शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया संपन्न होनी चाहिए। 

कार्यक्रम को विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, विधान परिषद के कार्यकारी सभापति हारुण रसीद, डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार एवं विधायक अब्दुलबारी सिद्दीकी ने भी संबोधित किया। इस मौके पर बिहार विधानमंडल के वर्तमान एवं पूर्व सदस्य, विधानसभा सचिवालय के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। 
 


संबंधित खबरें