सुपर 30 पटना के गणितज्ञ आनंद कुमार की जीवनी पर आधारित फिल्म है। फिल्म 12 जुलाई, 2019 को देश के सिनेमाघरों में रिलीज हुई। बिहार समेत कई राज्यों में फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया गया है ।
मुख्य पात्र : रितिक रोशन (आनंद कुमार), मृणाल ठाकुर (ऋतु), पंकज त्रिपाठी (शिक्षा मंत्री), वीरेंद्र सक्सेना (आनंद के पिता), दीपाली गौतम (आनंद की मां), आदित्य श्रीवास्तव (कोचिंग संचालक) और नंदिश सिंह (आनंद के भाई)।
कहानी : गणितज्ञ आनंद कुमार निम्न वर्गीय परिवार से हैं। अंकों की दुनिया में जीने वाले आनंद का एडमिशन कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में हो जाता है, लेकिन पैसे के अभाव में सपना पूरा नहीं हो पाता है । बाद में आईआईटी परीक्षा की तैयारी कराने वाले एक कोचिंग सेंटर में वे बच्चों को पढ़ाने लगते हैं। अच्छी आमदनी होने लगती है।
इसी बीच कुछ मेधावी बच्चों से उनकी मुलाकात होती है, जो पैसे के अभाव में आईआईटी की तैयारी नहीं कर पाते हैं। आनंद ने ऐसे बच्चों के लिए निःशुल्क पढ़ाई, रहने एवं खाने की व्यवस्था की। हर साल 30 बच्चों को आईआईटी की प्रवेश परीक्षा के लिए तैयार किया जाता है। तैयारी के अनुसार रिजल्ट भी शानदार होता है।
इस काम में आनंद का साथ उनकी मां और भाई देते हैं। इसी कहानी को फिल्मी अंदाज में पेश किया गया है।
मशहूर संवाद : अब राजा का बेटा, राजा नहीं बनेगा। राजा वहीं बनेगा, जो हकदार होगा। आपत्ति से ही आविष्कार का जन्म होता है। जैसे संवाद सिनेमा हाॅल में दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर देते हैं।
फिल्म का निर्देशन विकास बहल और संगीत अजय-अतुल का है। उदित नारायण, श्रेया घोषाल, विशाल डडलानी, दिव्य कुमार, जनार्दन धत्रक और रितिक रोशन ने गानों में आवाज दी है।