मुख्य समाचार

बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में राहत कार्य तेज करने का निर्देश     

पटना/15.07.19। बिहार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने का निर्देश मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया है। ग्रामीण कार्य एवं पथ निर्माण विभाग को हवाई सर्वेक्षण कर संपर्क से कटे स्थानों में तुरंत संपर्कता बहाल करने का निर्देश मिला है। लगातार एक सप्ताह नेपाल के तराई क्षेत्रों में हुई बारिश से दरभंगा, मधुबनी, मोतिहारी, सीतामढ़ी, शिवहर, अररिया, किशनगंज, कटिहार एवं पूर्णिया जिलों के कई क्षेत्रों में बाढ़ आ गई है।    

मुख्यमंत्री ने आज अररिया जिले के फारबिसगंज, सिकटी, पलासी, जोकीहाट, किशनगंज जिले के ठाकुरगंज, कोचाधामन, टेढ़ागाछ और कटिहार जिले के बलरामपुर में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद पूर्णिया के चूनापुर हवाई अड्डे पर पूर्णिया, अररिया, कटिहार एवं किशनगंज जिलों के डीएम के साथ बैठक कर बाढ़ एवं बचाव तथा राहत कार्य की विस्तृत समीक्षा की। 

मुख्यमंत्री ने रविवार को दरभंगा जिले के रसियारी, घनश्यामपुर, मधुबनी जिले के झंझारपुर,नरूवार,जयनगर, सीतामढ़ी जिले के ढेंग, बैरगनिया, पूर्वी चंपारण जिले के बेलवा तथा शिवहर जिले के पिपराही बाजार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण  किया था। 

राहत एवं बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की 25 टुकड़ियां तैनात की गयी हैं। रिलीफ कैंप और कम्युनिटी किचेन की समुचित व्यवस्था का निर्देश दिया गया है। पेयजल, मानव एवं पशु दवा और पशुओं के लिए चारा की समुचित व्यवस्था का भी निर्देश है। 

हवाई सर्वेक्षण के दौरान मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव अरूण कुमार, प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत एवं सीएम के प्रधान सचिव चंचल कुमार भी साथ थे।
 


संबंधित खबरें