नई दिल्ली/16.07.19। कृषि विज्ञान केंद्र, सबौर (भागलपुर) को पंडित दीन दयाल उपाध्याय कृषि विज्ञान राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर के कुलपति डाॅ अजय कुमार सिंह को पुरस्कार स्वरूप 25 लाख राशि दी।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद परिसर में आयोजित समारोह में कृषि राज्य मंत्री पुरूषोत्तम रूपाला एवं कैलाश चौधरी, बिहार कृषि विश्वविद्यालय के डाॅ आर. के. सोहाने, डाॅ अंजनी कुमार एवं डाॅ विनोद कुमार मौजूद थे।
कृषि विज्ञान केंद्र, सबौर को पुरस्कार कृषिजीवी महिलाओं के आर्थिक एवं तकनीकी उत्थान के लिए मिला है। साथ ही कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र की हितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, कम कृषि लागत पर अधिक उत्पादन एवं किसानों की आय दोगुनी करने के प्रयास पर दिया गया है। कृषि विज्ञान केंद्र, सबौर को 2013 में भी सर्वोत्तम कृषि विज्ञान केंद्र (क्षेत्रीय) का पुरस्कार मिल चुका है।
कृषि विज्ञान केंद्र, विक्रमगंज (रोहतास) को पंडित दीन दयाल उपाध्याय राष्ट्रीय कृषि विज्ञान प्रोत्साहन पुरस्कार (जोनल) मिला। इसके अंतर्गत 2.50 लाख राशि की पुरस्कार में दी गई। केंद्र को उन्नत खेती के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन (जैसेे खेतों में फसल अवशेष को न जलाने) के प्रति किसानों को जागरूक करने के लिए यह पुरस्कार प्राप्त हुआ।