मुख्य समाचार

बाढ़ पीड़ितों के लिए पहले चरण में 181.39 करोड़ राशि जारी  

पटना/19.07.19। उत्तर बिहार के 12 जिलों के 13 लाख 20 हजार परिवार बाढ़ से प्रभावित हैं। राज्य सरकार ने प्रत्येक परिवार को छह हजार रुपये आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया है। राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है।   

पहले चरण में शुक्रवार को 3,02,329 सत्यापित परिवार के खातों में 1,81,39,74,000 (181 करोड़ 39 लाख 74 हजार) रुपये का भुगतान किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक अणे मार्ग में भुगतान प्रक्रिया का शुभारंभ माउस क्लिक कर किया। राशि पब्लिक फाइनेंसियल मैनेजमेंट सिस्टम (पीएफएमएस) के माध्यम से आईसीआईसीआई बैंक के जरिये ट्रांसफर की गई। राशि लाभुकों को 48 घंटे के अंदर मिल जायेगी।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में अभी भी कई ऐसे परिवार हैं, जो सरकारी योजनाओं से अनभिज्ञ हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ पीड़ित ऐसे परिवारों की पहचान कर शीघ्र उनका खाता खुलवाएं। जरूरत हो तो इस काम में विकास मित्र और जीविका समूह का भी सहयोग लें। 

सीएम ने कहा कि यह सिस्टम काफी अच्छा है। इससे पारदर्शिता के साथ लाभुकों के खाते में सहायता राशि बिना किसी व्यवधान के पहुंच जायेगी। प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को खाता खुलवाने के लिए जागरूक करें। 

बाढ़ प्रभावित जिले : दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, सहरसा,  सुपौल, अररिया, किशनगंज, कटिहार एवं पूर्णिया बाढ़ प्रभावित जिले हैं। इन जिलों के 97 प्रखंडों की 921 पंचायतों की करीब 55 लाख आबादी पीड़ित है। अब तक 78 लोगों की मौत हो चुकी है।   

इस मौके पर आपदा प्रबंधन मंत्री लक्ष्मेश्वर राय, मुख्य सचिव, प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत एवं चंचल कुमार, सीएम के सचिव अनुपम कुमार, ओएसडी गोपाल सिंह, अपर सचिव चंद्रशेखर सिंह समेत आपदा प्रबंधन विभाग के पदाधिकारी एवं आईसीआईसीआई बैंक के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
 


संबंधित खबरें