पटना/20.07.19। पटना नगर निगम में डिप्टी मेयर (उप महापौर) पद के लिए हुए चुनाव में पार्षद मीरा को सफलता मिली। हालांकि इसके लिए लाॅटरी निकालनी पड़ी। वार्ड 38 के पार्षद आशीष कुमार सिन्हा एवं वार्ड 72 की पार्षद मीरा को चुनाव में समान 37-37 मत मिले।
ऐसी स्थिति में जिलाधिकारी के निर्देश पर लाॅटरी निकाली गई। लाॅटरी में मीरा देवी निर्वाचित हुईं। बाद में उन्हें प्रमाणपत्र दिया गया। साथ ही पद एवं गोपनीयता की शपथ भी दिलाई गई। जीत के बाद मीरा ने कहा कि सभी पार्षदों के सहयोग से नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से किया जायेगा।
कलेक्ट्रेट सभागार में हुए चुनाव में पटना नगर निगम के 75 वार्ड में 74 पार्षद उपस्थित थे। वार्ड 26 में पार्षद का पद रिक्त है। पार्षद आशीष कुमार सिन्हा मेयर गुट से जबकि मीरा पूर्व डिप्टी मेयर विनय कुमार पप्पू गुट से हैं।
पूरी चुनाव प्रक्रिया में मेयर सीता साहु, डीएम कुमार रवि, एडीएम अरुण कुमार झा, चुनाव प्रेक्षक शशांक शुभंकर, डीडीसी भोजपुर एवं सभी पार्षद मौजूद थे।