मुख्य समाचार

चंद्रयान 2 का सफल प्रक्षेपण, देश ने वैज्ञानिकों को दी बधाई 

नई दिल्ली/पटना/22.07.19 । श्रीहरिकोटा (आंध्रप्रदेश) से चंद्रयान 2 का सफल प्रक्षेपण सोमवार की दोपहर 2.43 बजे किया गया। चांद के दक्षिण ध्रुवीय क्षेत्र की जानकारी के लिए शक्तिशाली राॅकेट जीएसएलवी एमके 3 के जरिये 3840 किलो वजन का चंद्रयान 2 रवाना हुआ। 48 दिन की यात्रा के बाद सात सितंबर को चांद की सतह पर उतरेगा। इस उपलब्धि से अमेरिका, रूस और चीन के बाद भारत चांद पर यान उतारने वाला चौथा देश बन जायेगा।

इस क्षण को श्री हरिकोटा स्थित सतीश धवन स्पेश सेंटर से 7500 लोगों ने देखा। मिशन की लागत 978 करोड़ रुपये है। 15 जुलाई को तकनीकी गड़बड़ी के कारण चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण रूक गया था। इसरो के चेयरमैन डाॅ के. सिवन, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, बिहार के मुख्यमंत्री समेत कई हस्तियों ने उपलब्धि पर वैज्ञानिकों को बधाई दी है।   

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा है कि चंद्रयान-2 के लांच से आज हर भारतीय गर्व महसूस कर रहा है। चंद्रयान-2 पूरी तरह स्वदेशी मिशन और विशिष्ट है। इस मिशन से चंद्रमा के बारे में नई जानकारियां मिलेंगी। यह चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र का अध्ययन करेगा। इसकी अभी तक कोई खोज नहीं हुई थी। इस क्षेत्र से पहले नमूने भी नहीं लिये गये। 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि चंद्रयान-2 का सफल प्रक्षेपण कर इसरो ने अंतरिक्ष में एक नया इतिहास रचा है। यह देश के लिए गर्व की बात है। यह इसरो के वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत का नतीजा है। इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। 
 


संबंधित खबरें