मुख्य समाचार

कारोबारियों ने जाना साइबर क्राइम से बचने के उपाय

पटना/27.07.19। आर्थिक अपराध इकाई के एडीजी जे.एस. गंगवार ने कहा कि साइबर क्राइम पर नियंत्रण एक बड़ी चुनौती है। राज्य सरकार इसके लिए आवश्यक आधारभूत संरचना तैयार कर रही है। हर जिले में पुलिस विभाग की एक साइबर क्राइम यूनिट कार्यरत है। बड़े जिलों में एक से अधिक यूनिट है। एडीजी बिहार उद्योग संघ परिसर में साइबर सुरक्षा  पर जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। 

उन्होंने कहा कि नये-नये इलेक्ट्राॅनिक डिवाइस के आने से साइबर क्राइम भी बढ़ रहा है। बिहार की 12 करोड़ आबादी में 6.5 करोड़ के पास मोबाइल फोन है। आज अभिभावक बच्चों को मोबाइल फोन देकर खुशी महसूस करते हैं, लेकिन यह उचित नहीं है। साइबर क्राइम के मामले में विश्व के 11 देशों में भारत आ रहा है। 

एडीजी ने बताया कि आम लोग खास कर बच्चे फेस बुक पर वैसे लोगों के साथ दोस्ती न करें, जिन्हें वे जानते नहीं हैं। कुछ वीडियो क्लीप के जरिये उन्होंने एटीएम कार्ड एवं मशीन के उपयोग में बरती जाने वाली सावधानियों को बताया। बीएसएनएल के जीएम एमएस धाकर एवं डीजीएम मनीष कुमार ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से इंटरनेट तथा मोबाइल से जुड़े अपराध, कानून तथा सरकार की तैयारियों पर जानकारी दी। 

बीआईए के अध्यक्ष केपीएस केशरी ने भी अपने विचारों को रखा। इस मौके पर आर्थिक अपराध इकाई के एसपी डी. अमरकेश, डीएसपी कुमार सागर, बीआईए के उपाध्यक्ष आरसी गुप्ता समेत कई सदस्य उपस्थित थे। 
 


संबंधित खबरें