मुख्य समाचार

नये राज्यपाल फागू चौहान पहुंचे पटना, 29 को लेंगे शपथ   

पटना/28.07.19। बिहार के नये राज्यपाल फागू चौहान पटना पहुंच गये हैं। चीफ जस्टिस एपी शाही सोमवार (29 जुलाई ) को उन्हें राजभवन में 11.30 बजे पद की शपथ दिलायेंगे। वे बिहार के 40 वें राज्यपाल होंगे। पटना एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी समेत कई मंत्रियों ने फागू चौहान का स्वागत किया। स्टेट हैंगर में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर  दिया गया। 71 वर्षीय फागू चौहान उत्तर प्रदेश से हैं। मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट से लगातार छह बार विधायक रहे हैं।  

निवर्तमान राज्यपाल लालजी टंडन दोपहर में मध्यप्रदेश के लिए रवाना हो गये। 29 जुलाई को वे मध्यप्रदेश के राज्यपाल का पद संभालेंगे। मुख्यमंत्री ने उन्हें एयरपोर्ट पर भावभीनी विदाई दी। राज्यपाल लालजी टंडन ने अपनी विदाई पर मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्री एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। लालजी टंडन ने 23 अगस्त 2018 को बिहार के राज्यपाल का कार्यभार संभाला था ।   

पटना एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम, विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, राज्य सरकार के मंत्री, मुख्य सचिव, डीजीपी, राज्यपाल के प्रधान सचिव विवेक कुमार सिंह, संजय कुमार, डीएम कुमार रवि एवं एसएसपी गरिमा मलिक मौजूद थे।


संबंधित खबरें