पटना/29.07.19। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उद्यमियों से कहा कि वे उद्योग क्षेत्र के विकास के लिए आगे आएं। सरकार हरसंभव मदद करने के लिए तैयार है। बिहार में कारोबार कर रहे उद्योगपति एवं व्यवसायियों को सरकार प्रोत्साहित कर रही है। जो उद्योग लगाने के लिए आगे आयेंगे, उन्हें सम्मानित किया जायेगा। सीएम उद्यमी पंचायत की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उद्यमी पंचायत में डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी एवं उद्योग मंत्री श्याम रजक ने भी अपने विचार रखे। उद्योग विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति 2016 की अब तक की प्रगति से संबंधित प्रस्तुतीकरण दिया। बिहार उद्योग संघ, बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स, एसोचेम बिहार रीजन, महिला उद्योग संघ के प्रतिनिधियों के अलावा अन्य व्यावसायिक संघटनों ने सुझाव दिये।

सीएम ने कहा कि बिहार में बड़े उद्योग लगने की संभावना कम है, लेकिन छोटे उद्योग लगाने में सजग होने की जरूरत है। सरकार ने उद्योग को प्रोत्साहन देने के लिए कई कदम उठाये हैं। आप अच्छा उत्पाद बनायेंगे, तो खपत बढ़ने के साथ राज्य के लोगों का भी विकास होगा।
बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति 2016 की मध्यावधि समीक्षा में अब तक 14,855 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। उद्यमी पंचायत की बैठक के अलावा पर्यटन, खाद्य प्रसंस्करण, गन्ना, तसर एवं अन्य क्षेत्रों के लिए भी अलग से बैठक की गयी है। सीएम ने कहा कि उद्योग से जुड़े विभिन्न प्रतिनिधियों ने अच्छे सुझाव दिये हैं। बैठक में उठाये गये विभिन्न मुद्दों पर मुख्य सचिव के स्तर पर विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव-सचिव अलग से विचार करेंगे। अगर जरूरत हुई तो उद्योग क्षेत्र के प्रतिनिधियों से भी विमर्श किया जायेगा।
बैठक में ऊर्जा मंत्री, पथ निर्माण, ग्रामीण विकास, पर्यटन एवं गन्ना उद्योग मंत्री, मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, संबंधित विभागों के प्रधान सचिव व सचिव मौजूद थे।