मुख्य समाचार

विश्व बाघ दिवस समारोह 

वाल्मीकि टाइगर रिजर्व, बेतिया में 31 बाघ हैं। इससे पहले 2010 में यहां बाघों की संख्या मात्र 8 एवं 2014 में 28 थी। राष्ट्रीय स्तर पर यह संख्या 2967 है। वन्य जीव तथा मनुष्यों के बीच टकराव रोकने का ही नतीजा है कि बाघों की संख्या में इतनी तेजी से वृद्धि हुई है। संजय गांधी जैविक उद्यान, पटना में विश्व बाघ दिवस पर आयोजित समारोह में डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने ये जानकारी दी। 

उद्यान में जिराफ के एक बच्चा का नाम ‘हिमा’ और जेब्रा के बच्चे का नाम ‘बबली’ रखा गया। बैटरी चालित ट्रैकलेस ट्वाॅय ट्रेन को हरी झंडी दिखायी गयी। डिप्टी सीएम ने बताया कि पटना जू में 2018-19 में 24.33 लाख दर्शक आये, जिनसे 8.66 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ। उन्होंने आम लोगों से पर्यटन सीजन में प्रदेश के एकमात्र वाल्मीकि टाइगर रिजर्व भ्रमण करने की अपील की। 

2018-19 में वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में 45,424 पर्यटक आये जबकि 2017-18 में संख्या मात्र 10,407 थी। अगले सीजन में पर्यटकों की संख्या एक लाख करने का लक्ष्य है। वहां रहने एवं घूमने की सुविधा विकसित की गई है। राजगीर में जू सफारी का निर्माण 176 करोड़ की लागत से हो रहा है, जहां दर्शक खुले में जानवरों को देख सकेंगे।

इस अवसर पर विधायक संजीव चौरसिया, प्रधान मुख्य वन संरक्षक डीके शुक्ला, जू निदेशक अमित कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद थे ।

 

 


संबंधित खबरें