पटना/02.08.19। बालू के अवैध खनन की निगरानी ड्रोन एवं सेटेलाइट से करने का निर्देश मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया है। साथ ही बालू कारोबार पर लंबे समय से चले आ रहे एकाधिकार को समाप्त करने की भी बात कही। मुख्यमंत्री नई बालू नीति को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
सीएम ने कहा कि बिहार में ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व के पहाड़ों को सुरक्षित रखना है। पर्यावरण के साथ छेड़छाड़ पर रोक लगाना होगा। वैसे पहाड़ जिन्हें खुदाई के लिए चिन्हित किया गया है, उनकी विशेषज्ञों से जांच करा लें।
खान एवं भूतत्व विभाग की प्रधान सचिव हरजोत कौर ने नई बालू नीति 2019 एवं पत्थर भूखंडों की बंदोबस्ती से संबंधित प्रेजेंटेशन दिया। बैठक में नदियों की गुणवत्ता, पर्यावरण संतुलन, स्वामित्व एवं अन्य करों की वसूली पर चर्चा हुई।
बैठक में डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, खान एवं भूतत्व मंत्री बृज किशोर बिंद, मुख्य सचिव दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव अतुल प्रसाद, सीएम के प्रधान सचिव चंचल कुमार समेत सीएम सचिवालय के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।