पटना/02.08.2019। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा कि सरकारी भवन, अस्पताल एवं स्कूलों में वर्षा जल की हार्वेस्टिंग कर जमीन के जल स्तर को बढ़ाया जायेगा। नये बनने वाले बड़े भवनों में भी रेन वाटर हार्वेस्टिंग अनिवार्य होगा। राज्य के सभी तालाबों की मैपिंग करा ली गयी है। एक महीने के अंदर उन्हें अतिक्रमण मुक्त कर उड़ाही का अभियान चलाया जायेगा। वे ए.एन. काॅलेज पटना में वन महोत्सव के दूसरे दिन आयोजित एक समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने आह्वान किया कि हर परिवार एक पौधा जरूर लगाये। पौधारोपण के अभियान को जनांदोलन बनाने की अपील की। पहले ही निर्णय लिया जा चुका है कि सड़क व भवनों के निर्माण के लिए अब कोई पेड़ नहीं कटेगा। अगर बहुत मजबूरी की स्थिति में कोई पेड़ काटना पड़ा, तो उससे कई गुना अधिक पेड़ लगाये जायेंगे। आर ब्लाॅक-दीघा फोरलेन सड़क से कई बड़े पेड़ों का प्रत्यारोपण हैदराबाद की एक कंपनी की सहायता से सगुना मोड़ के आसपास कराया जा रहा है।
जलवायु परिवर्तन एवं ग्लोबल वार्मिंग के कुप्रभावों से आगाह करते हुए कहा कि अनियंत्रित विकास और प्रकृति के दोहन का नतीजा है कि आज हमारी पृथ्वी संकट में है। इस साल बिहार के जल प्रचूरता वाले दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर जिलों में नवंबर-दिसंबर के महीने में टैंकर से पानी पहुंचाना पड़ा। पर्यावरण की कीमत पर हमें विकास स्वीकार नहीं है।