नई दिल्ली/एजेंसी। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (ओएमसी) इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने इस्तेमाल हो चुके खाद्य तेल (कुकिंग ऑयल ) से तैयार बायोडीजल को खरीदने की योजना शुरू की है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विश्व जैव ईंधन दिवस पर कार्यक्रम की शुरुआत की।
तीनों तेल कंपनियां देश के 100 शहरों में इस्तेमाल हो चुके खाद्य तेल से बॉयोडीजल बनाने के लिए निजी इकाइयों से समझौता करेंगी। शुरू में कंपनियां बायोडीजल को 51 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदेंगी। दूसरे साल इसे बढ़ाकर 52.70 रुपये एवं तीसरे साल 54.50 रुपये प्रति लीटर किया जायेगा। पेट्रोलियम मंत्री ने इस्तेमाल हो चुके रिपर्पस यूज्ड कुकिंग ऑयल (आरयूसीओ) का स्टिकर एवं इस्तेमाल हो चुके खाद्य तेल (यूसीओ) को एकत्र करने के लिए एक मोबाइल ऐप की भी शुरुआत की।
होटल और रेस्तरां अपने परिसरों में ऐसे स्टिकर लगाएंगे कि वे बॉयोडीजल उत्पादन के लिए यूसीओ की आपूर्ति करते हैं। पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि कुकिंग ऑयल के अलावा अन्य कई रूप में भी बॉयोडीजल उपलब्ध हैं। हम विश्व जैव ईंधन दिवस को वैकल्पिक ऊर्जा दिवस के रूप में मनाएंगे।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने इस्तेमाल हो चुके खाद्य तेल से बायोडीजल उत्पादन योजना की सराहना की। उन्होंने कहा कि उपयोग में लाये गये खाद्य तेल के बार-बार इस्तेमाल से उच्च रक्तचाप, एथेरोस्क्लेरोसिस, अल्जाइमर और लीवर से जुड़ी बीमारियों का खतरा रहता है।