पटना। कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए जल-जीवन-हरियाली अभियान चला रही है। अभियान की सफलता के लिए व्यापक जन भागीदारी की जरूरत है। प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाना चाहिए। लोगों को वर्तमान संकट एवं आने वाले दिनों में होने वाली समस्याओं से बताना होगा।
डाॅ प्रेम ने कहा कि राज्य में 1 से 15 अगस्त तक वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग 1 करोड़ पौधे लगायेगा। मनरेगा के तहत 50 लाख पौधे लगाये जायेंगे। केंद्र एवं राज्य सरकार की जल शक्ति योजना में कृषि विभाग तत्परता के साथ कार्य कर रहा है। विभाग ने इसके लिए व्यापक लक्ष्य एवं कार्यक्रम निर्धारित किये हैं। मुख्यालय से लेकर पंचायत स्तर तक के अधिकारी-कर्मी लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
विश्व में हर साल करीब 55 लाख लोग दूषित हवा से मर रहे हैं। यह कुल मौतों का लगभग 10 प्रतिशत है। सिर्फ भारत में हर साल 12 लाख लोग जहरीली हवा के कारण मर जाते हैं, जिससे देश को 38 अरब डाॅलर का नुकसान होता है। भारत के 14 शहर दुनिया के सबसे अधिक प्रदूषित शहरों में हैं। पानी की बर्बादी एवं ग्राउंड वाटर रिचार्ज नहीं होने के कारण भूजल स्तर तेजी से गिर रहा है। इस कारण जीवन पर संकट गहराने लगा है। कृषि कार्य भी बाधित हो रहा है।