मैन वर्सेस वाइल्ड शो की 12 अगस्त 2019 को प्रसारित सीरिज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम के होस्ट बेयर ग्रिल्स के साथ नजर आयेंगे। डिस्कवरी चैनल पर प्रसारण का समय रात 9 बजे है। शो की शूटिंग उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में हुई है।
शो से पहले प्रधानमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन पर प्रकाश डालने का इससे बेहतर रास्ता नहीं हो सकता है। आज रात 9 बजे इससे जुड़ें । शो में भारत के वन्यजीव और प्राकृतिक विविधता की चर्चा होगी।

बेयर ग्रिल्स ने भी लोगों से डिस्कवरी पर इस कार्यक्रम को देखने का अनुरोध किया है । ग्रिल्स ने ट्वीट किया है हम सभी मिलकर इस ग्रह को बचा सकते हैं, शांति को बढ़ावा दे सकते हैं। कभी हार नहीं मानने की भावना को प्रोत्साहित कर सकते हैं। शो का आनंद उठाएं।
प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा कि भारत में हरे भरे जंगल, विविधतापूर्ण वन्यजीवन, सुंदर पहाड़ और बड़ी नदियां हैं। इस कार्यक्रम को देखकर आप भारत के विभिन्न क्षेत्रों में उन स्थानों पर जाना और पर्यावरण संरक्षण की पहल से जुड़ना चाहेंगे ।
डिस्कवरी चैनल की जारी एक टीजर में बेयर ग्रिल्स बाघ के संभावित हमले से बचने के लिए मोदी को एक तरह का भाला देते हैं। इस पर मोदी कहते हैं, मेरा पालन-पोषण मुझे किसी की जान लेने की अनुमति नहीं देता, लेकिन यदि आप जोर देते हैं तो मैं इसे अपने पास रखूंगा।