पटना। पटना में अब डीजल से चलने वाले ऑटो को नया परमिट नहीं मिलेगा। साथ ही अधिक धुआं उत्सर्जित करने वाली गाड़ियों पर भी कार्रवाई होगी। डीजल से सीएनजी में थ्री व्हीलर को परिवर्तित कराने वालों को सरकार प्रोत्साहित करेगी। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने उक्त जानकारी बोरिंग कैनाल रोड स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप एक सभा में दी ।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की घोषणा के अनुरूप 2 अक्टूबर से सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने की दिशा में अभियान शुरू होगा। प्लास्टिक कैरी बैग के उपयोग पर सख्ती के साथ थर्मोकोल से बने सामान पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया जायेगा।
पटना समेत पूरे बिहार को वायु, जल एवं ध्वनि प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए अभियान चलेगा। पहले चरण में सरकारी ड्राइवरों को ट्रेनिंग देकर हॉर्न का उपयोग कम से कम करने की हिदायत दी जायेगी। कर्कश हॉर्न के प्रयोग से बहरापन बढ़ता जा रहा है। इसलिए अनावश्यक हॉर्न बजाने एवं वाहनों में म्यूजिकल हॉर्न लगाने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
पटना की वायु गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए इलेक्ट्रिक, बैटरी एवं सीएनजी चालित वाहनों को बढ़ावा दिया जायेगा। साथ ही बिल्डिंग मटेरियल को ढक कर नहीं ले जाने वालों पर भी सख्ती की जायेगी। इस अवसर पर विधायक नितिन नवीन, सीताराम पांडेय एवं शालिनी वैश्कियार समेत कई लोग मौजूद थे।