पटना। बिहार प्रदूषण नियंत्रण पर्षद ने प्लास्टिक पैकेजिंग करने वाली 400 से अधिक कंपनियों को नोटिस भेजा है। उन्हें बिक्री स्थल से प्लास्टिक कचरा संग्रह करने का निर्देश दिया गया है। ऐसा नहीं करने वाली कंपनियों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने उक्त जानकारी दी। वह होटल मौर्या में वेस्ट मैनेजमेंट 2016 पर आयोजित दो दिवसीय क्षमता वर्धन कार्यकर्म को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की घोषणा के अनुसार दो अक्टूबर से प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने की दिशा में अभियान शुरू होगा। बिहार में भी सिंगल यूज प्लास्टिक और थर्मोकोल से बने कप, प्लेट, थाली व ग्लास समेत कई सामानों को प्रतिबंधित करने के लिए नोटिफिकेशन शीघ्र जारी किया जायेगा। इस संबंध में 600 लोगों ने अपना सुझाव दिया है। इनमें प्लास्टिक उत्पाद निर्माताओं एवं विक्रेताओं के 236 सुझाव हैं।
इसी महीने कोका कोला एवं पटना नगर निगम के बीच प्लास्टिक पैकेजिंग के प्रबंधन के लिए एक समझौता हुआ है। कोकाकोला अपनी उपयोग की गई बोतलों को संग्रह कर पटना के गर्दनीबाग में उसके प्रबंधन के लिए प्लांट स्थापित करेगी। सुधा डेयरी को भी दूध के पाउच को संग्रह कर उसका प्रबंधन करने के लिए कहा गया है। डिप्टी सीएम ने कहा कि जनजागृति से ही इस चुनौती का सामना किया जा सकता है। लोगों को अपनी आदत में बदलाव लाने की जरूरत है। जनसहभागिता एवं जागरूकता से आंदोलन को सफल किया जायेगा।