पटना। प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना 9 अगस्त से बिहार में भी लागू है। योजना के तहत अधिक से अधिक किसानों के निबंधन के लिए 22 से 24 अगस्त तक पंचायतों में विशेष शिविर लगेगा। वसुधा केंद्र एवं काॅमन सर्विस सेंटर में किसानों का निःशुल्क निबंधन होगा।
कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने बताया कि योजना के अंतर्गत 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर लघु और सीमांत किसानों को 3,000 रुपये मासिक पेंशन मिलेगी। योजना का लाभ लेने के लिए 18 से 40 वर्ष के निबंधित किसानों को 60 वर्ष आयु होने तक उनकी आय के अनुसार 55 रुपये से 200 रुपये प्रतिमाह पेंशन निधि में अंशदान जमा करना होगा। केंद्र सरकार पेंशन निधि में किसानों की जमा राशि के बराबर धनराशि अपनी ओर से देगी।
कृषि विभाग के कर्मी 22 से 24 अगस्त तक पंचायतों में लगने वाले विशेष शिविर में किसानों को निबंधन के लिए जागरूक करेंगे। जिला कृषि पदाधिकारी को जिला प्रशासन से समन्वय करते हुए जिला स्तर पर भी इस योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार की व्यवस्था का निर्देश है।