पटना/नई दिल्ली। गत दस दिनों से प्याज की कीमत में लगातार वृद्धि हो रही है। पटना की मंडियों में प्याज की कीमत अभी 36 से 40 रुपये प्रति किलो है। इससे पहले भाव 24 रुपये था। कीमत में करीब 50 फीसदी वृद्धि होने से गृहिणियां परेशान हैं। बाजार से मिली जानकारी के अनुसार भाव 45 रुपये तक जा सकता है।
कारोबारियों का कहना है कि बारिश की वजह से आपूर्ति बाधित होने से कीमत बढ़ रही है। प्रमुख उत्पादक राज्य महाराष्ट्र और कर्नाटक में प्याज की फसल को नुकसान पहुंचा है। इस संकट का लाभ जमाखोर उठा रहे हैं।
केंद्र सरकार ने भी कहा है कि कृत्रिम संकट पैदा करने वाले जमाखोरों पर कार्रवाई होगी। वह अपने बफर स्टॉक से खुले बाजार में प्याज की बिक्री करेगी। दिल्ली में भी प्याज का भाव 38 से 40 रुपये किलो है।
खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री रामविलास पासवान ने ट्वीट किया है कि पिछले कुछ दिन से सरकार की प्याज, दाल और खाद्य तेल की कीमतों में वृद्धि पर नजर है। इसकी वजह जमाखोरों द्वारा पैदा की गई कृत्रिम कमी है। सरकार उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई करेगी। सरकार के पास दलहन और तिलहन का पर्याप्त भंडार है।