पटना। वन भूमि के विकास के लिए केंद्र सरकार ने 522.95 करोड़ राशि बिहार को दी है। राशि कैम्पा फंड से दी गई है। Compensatory Afforestation Fund Management and Planning authority ( campa ) इस फंड को देखती है।
फंड में उपभोक्ता एजेंसियों की जमा 47,436 करोड़ राशि राज्यों को हिस्से में मिली। बिहार के लिए 522.95 करोड़ का स्वीकृति पत्र डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने नई दिल्ली में केेंद्रीय पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन मंत्री प्रकाश जावेडकर से ग्रहण किया। इस मौके पर केेंद्रीय राज्य मंत्री बाबुल सुप्रीयो एवं सचिव सीके मिश्रा मौजूद थे।
डिप्टी सीएम ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राशि राज्य में वन्य प्राणी आश्रयणी और वन क्षेत्र के विकास पर खर्च की जायेगी। उन्होंने वन विभाग से जुड़ी केंद्रीय योजनाओं की संख्या कम करने, वन भूभि उपयोग के लिए क्लीयरेंस, कैम्पा फंड का उपयोग एवं विभिन्न समितियों के गठन का अधिकार राज्यों को देने की मांग की।
उन्होंने प्लास्टिक कैरी बैग व सिंगल यूज प्लास्टिक के उत्पादन पर एक साथ देश में प्रतिबंध लगाने की बात कही ताकि राज्य अभियान को सफल बना सके। प्लास्टिक एवं इलेक्ट्राॅनिक कचरा संग्रह करने की जिम्मेवारी का निर्वाह नहीं करने वाली उत्पादक कंपनियों को दंडित करने पर भी जोर दिया।