मुख्य समाचार

बीआईए युवा प्रकोष्ठ का फेस बुक पेज लांच

पटना। बिहार उद्योग संघ (बीआईए) के युवा प्रकोष्ठ का फेस बुक पेज लांच किया गया। इसका उद्देश्य युवा प्रकोष्ठ (यूथ सेल) के प्रयास एवं विचारों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। लांचिंग के मौके पर प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह, एडीजी कुंदन कृष्णन, बीआईए के उपाध्यक्ष रमेश चंद्र गुप्ता एवं युवा प्रकोष्ठ की रौशनी सिंह समेत कई सदस्य मौजूद थे। 

बीआईए परिसर में आयोजित Willing Bihar Comes Live कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह ने कहा कि युवा शक्ति को सही दिशा देने एवं रोजगार सृजन में बीआईए महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा। उन्होंने सुझाव दिया कि युवा प्रकोष्ठ को अपना एजेंडा और जागरूकता कार्यक्रम का निर्धारण अलग-अलग करना चाहिए। 

बिहार में स्वरोजगार के लिए अपनाये गये लाभकारी माॅडल का प्रचार-प्रसार युवा प्रकोष्ठ अपने कार्यक्रम के माध्यम से कर सकता है। प्राकृतिक संसाधनों के सही उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कई चीजों का समाधान सिर्फ कानून बना देने मात्र से नहीं होगा। इसके लिए लोगों में जागरूकता जरूरी है। 

एडीजी कुंदन कृष्णन ने युवा शक्ति पर जोर देते हुए कहा कि ये हमारी बड़ी ताकत हैं। इन्हें सही दिशा और अवसर की जरूरत है। इस काम में उद्यमी अहम योगदान देे सकते हैं। बिहार में खेती के कई लाभकारी माॅडल उपलब्ध हैं। किसानों तक इन जानकारियों को पहुंचाने में युवा मददगार होंगे और उन्हें रोजगार भी मिलेगा। सरकार की विभिन्न योजनाओं को भी बीआईए युवा प्रकोष्ठ सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचा सकता है।

कार्यक्रम में संत जेवियर्स काॅलेज के छात्र, बीआईए के रामलाल खेतान, एमपी बिदासरिया, मनीष कुमार तिवारी एवं जीपी.सिंह उपस्थित थे।
 


संबंधित खबरें