पटना/19.09.19। गंगा का जल स्तर राज्य में कई जगहों पर खतरे के निशान से ऊपर है। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। सीएम खुद विभिन्न जगहों पर जाकर जल स्तर का मुआयना कर रहे हैं। 20 सितंबर को बक्सर से आगे तक वे एरियल सर्वे करेंगे।
सीएम ने आज पटना में दीघा घाट, हाजीपुर एवं गांधी सेतु पर रूक कर जल स्तर का सूक्ष्मता से मुआयना किया। दीघा घाट तक प्रोटेक्शन वाॅल का निरीक्षण भी किया। एनआईटी के समीप गांधी घाट पर उन्होंने अभियंताओं से विमर्श किया और आवश्यक निर्देश दिये। गंगा के अलावा सोन, गंडक एवं घाघरा नदी के जल स्तर एवं उत्तराखंड में वर्षा की स्थिति की जानकारी ली।
गांधी घाट पर मुख्यमंत्री ने बताया कि गंगा का जल स्तर बढ़ सकता है। इसलिए पहले से ही अलर्ट रहना होेगा। 2016 में गंगा के दोनों किनारों के 12 जिले बाढ़ से प्रभावित हुए थे। आपदा प्रबंधन और जल संसाधन विभाग पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कल सुबह भी जलस्तर में थोड़ी वृद्धि हो सकती है। इसलिए पूरी तरह से सचेत रहना होगा। सोन की तुलना में गंडक नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव, प्रधान सचिव चंचल कुमार एवं प्रत्यय अमृत, सचिव संजीव कुमार हंस एवं अनुपम कुमार, पटना एवं वैशाली के डीएम, एसपी समेत कई अधिकारी मौजूद थे।