मुख्य समाचार

एसकेएमसीएच में 105 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन

मुजफ्फरपुर।मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में 105 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 100 बेड के मातृ-शिशु अस्पताल भवन, 136 बेड के लड़कों का छात्रावास एवं 40 यूनिट ट्यूटर आवास भवन का उद्घाटन किया गया। 100 बेड की शिशु गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) एवं आंतरिक जलापूर्ति कार्य का शिलान्यास किया गया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जून माह में एईएस के प्रकोप से बच्चों की मौत काफी पीड़ादायक रही। बीमारी के कारणों का पता लगाने के लिए 2015 में विशेषज्ञों के साथ बैठक हुई थी, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल सका। 

एसकेएमसीएच में पहले बच्चों के लिए 14 बेड का इंतजाम था। अगले साल से पेडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (picu) शुरू होने से बच्चों के इलाज में कोई दिक्कत नहीं होगी। जनप्रतिनिधि, प्रशासन एवं मीडियाकर्मियों को एईएस से बचाव के लिए लोगों को जागरुक करना होगा। अभिभावकों को इस बात का ध्यान रखना होगा कि बच्चे रात में भूखे न सोएं। बारिश में गया क्षेत्र में जापानी इंसेफ्लाइटिस का प्रकोप होता है। इसका टीकाकरण कराया जा रहा है।

सीएम ने कहा कि एसकेएमसीएच को 1500 बेड का अस्पताल बनाया जा रहा है। बाद में इसे 2500 बेड किया जाएगा। कार्यक्रम को डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, मंत्री मंगल पांडेय एवं सुरेश शर्मा, प्रधान सचिव संजय कुमार ने भी संबोधित किया। 

इस अवसर पर उद्योग सह जिले के प्रभारी मंत्री श्याम रजक, मंत्री प्रमोद कुमार, सांसद एवं विधायक, सीएम के सचिव मनीष कुमार वर्मा, तिरहुत प्रमंडल आयुक्त पंकज कुमार, डीएम आलोक रंजन घोष, एसकेएमसीएच के प्राचार्य डॉ विकास कुमार, अधीक्षक डॉ सुनील कुमार शाही समेत कई चिकित्सक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
 


संबंधित खबरें