महानायक अमिताभ बच्चन को भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े पुरस्कार दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने ट्वीट कर कहा कि अमिताभ बच्चन को सर्वसम्मति से पुरस्कार के लिए चुना गया है। पूरा देश और अंतरराष्ट्रीय समुदाय खुश है। उन्हें मेरी तरफ से हार्दिक बधाई। उन्होंने दो पीढ़ियों का मनोरंजन और उन्हें प्रेरित किया है।
अमिताभ बच्चन को वर्ष 2018 के लिए दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड मिलेगा। इससे पहले 2017 में विनोद खन्ना को यह सम्मान मिला था। अवार्ड भारतीय सिनेमा के विकास में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को दिया जाता है। भारतीय सिनेमा के पितामह दादा साहब फाल्के के नाम पर सिनेमा जगत का यह सर्वोच्च पुरस्कार दिया जाता है। पुरस्कार की शुरुआत 1969 में हुई थी।