मुख्य समाचार

नालंदा की सूरजपुर पंचायत का अध्ययन करे डीएमआई   

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जीविका समूह से महिलाएं सशक्त हुई हैं और कई क्षेत्रों में अपनी भूमिका निभा रही हैं। स्वच्छता के लिए भी वे बेहतर काम कर रही हैं। नालंदा जिले की सूरजपुर पंचायत (सिलाव प्रखंड) में जीविका समूह की महिलाओं के काम का अध्ययन करने की जरूरत है। इससे लोग नई चीजें जान सकेंगे। वे विकास प्रबंधन संस्थान (डीएमआई) सोसायटी की छठी बैठक को संबोधित कर रहे थे।  

सीएम ने कहा कि बुनियादी शिक्षा का काम भितिहरवा (बेतिया) में बेहतर ढंग से हो रहा है। बुनियादी शिक्षा का उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ रोजगार की उपलब्धता कराना भी है। आज के संदर्भ में शिक्षा में तकनीक के महत्व को समझते हुए उस पर भी काम करना होगा। टीम को बांका उन्नयन कार्यक्रम का अवलोकन के साथ जरूरी चीजों को अपनाना चाहिए। इससे बच्चे तकनीक का प्रयोग सीखेंगे और अध्ययन में उनकी रुचि बढ़ेगी। 

इसस पहले विकास प्रबंधन संस्थान के निदेशक हेमंत राव ने डीएमआई के कार्यकलाप एवं प्रगति की जानकारी दी। संस्थान के परिसर को वर्ल्ड क्लास बनाने संबंधी एक मॉडल भी पेश किया गया। बुनियादी शिक्षा संबंधित प्रेजेंटेशन अदिति ठाकुर ने दिया। सहभागी शासन के साथ पंचायतों के सशक्तिकरण से सबंधित प्रेजेंटेशन अमृता धीमान ने दिया। उन्होंने मुजफ्फरपुर जिला में महिलाओं के स्वच्छता के लिए किए जा रहे कार्य, वेस्ट मैनेजमेंट, पर्यावरण के अनुकूल वस्तुओं का निर्माण संबंधित जानकारी दी।

बैठक में सीएम के परामर्शी अंजनी कुमार सिंह, पूर्व मुख्य सचिव व डीएमआई के बोर्ड ऑफ गवर्नेंस के चेयरमैन अनूप मुखर्जी, मुख्य सचिव दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव आरके महाजन एवं अतुल प्रसाद, संबंधित विभागों के प्रधान सचिव व सचिव, जीविका के सीईओ बालमुरुगन डी, कॉम्फेड की एमडी शिखा श्रीवास्तव एवं संस्थान के फैकल्टी मेंबर और अधिकारी उपस्थित थे।   
 


संबंधित खबरें