मुख्य समाचार

पानी निकालने के लिए केंद्र ने भेजे चार हेवी ड्यूटी पंप

नई दिल्ली/पटना/01.10.19। पटना में जलजमाव से निजात के लिए कोयला मंत्रालय ने चार हेवी ड्यूटी पंप उपलब्ध कराये हैं। इन पंपों के जरिए जलभराव वाले इलाकों से प्रति मिनट तीन हजार गैलन पानी निकाला जा सकेगा। पंप आज पटना पहुंच जायेगा। 

निर्णय राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन समिति की नई दिल्ली में आयोजित बैठक में लिया गया। कैबिनेट सचिव राजीव गाबा ने बिहार में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की। भारी वर्षा और नदियों का जल स्तर बढ़ने से राज्य के 16 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिये इसमें हिस्सा लिया।

कैबिनेट सचिव ने राज्य सरकार की ओर से मांगी गई मदद के अनुरूप संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। केंद्रीय टीम बाढ़ की ताजा स्थिति की समीक्षा के लिए राज्य का फिर दौरा कर सकती है। एनडीआरएफ और अन्य केंद्रीय एजेंसियां भी सक्रिय हैं। एनडीआरएफ की 20 टीम राज्य में तैनात है, जिनमें पटना में छह टीम मौजूद है। वायुसेना के दो हेलिकॉप्टर भी कार्यरत हैं। 

बिहार सरकार के अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि सरकारी तंत्र व्यापक स्तर पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बचाव और राहत अभियान चला रहा है। बैठक में गृह, रक्षा, कोयला एवं जलशक्ति मंत्रालय, एनडीएमए, एनडीआरएफ, आईएमडी और केंद्रीय जल आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। 
 


संबंधित खबरें